जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। नगर पंचायत जहांगीरगंज को निकाय का दर्जा तो पांच वर्ष पहले मिल गया है, इसके बावजूद अभी यहां के बाशिंदों को अब भी ग्रामीण क्षेत्र की बिजली मिल रही है। इतने साल बाद भी इन क्षेत्रों की विद्युत निगम ने सुध नहीं ली है। इससे इन क्षेत्रों के लोगों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। नगर पंचायत में रहने वाली करीब तीन लाख की आबादी को उम्मीद जगी थी कि उन्हें शहरी बिजली आपूर्ति मिलेगी, लेकिन यहां के बाशिंदे कहने को शहरी हो गए, लेकिन उन्हें बिजली की आपूर्ति अब भी देहात की मिल रही है। नगर पंचायत में अभी ग्रामीण रोस्टर के अनुसार ही बिजली मिल पा रही है। सभासद बालगोविंद तिवारी ने कई बार इस समस्या के निदान के लिए उच्च अधिकारियों से मिलकर पत्र दिया। इसके बाद भी बिजली व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हो पा रहा है। अधिशासी अधिकारी उमेश पासी ने बताया कि जल्द ही इस समस्या का समाधान कराया जाएगा।