अंबेडकरनगर। नगर पालिका अकबरपुर के अलावा तीन नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा, इल्तिफातगंज व जहांगीरगंज की मलिन बस्तियोंं के शीघ्र ही दिन बहुरेंगे। लगभग पौने दो करोड़ रुपये की लागत से न सिर्फ सुचारु आवागमन के लिए इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण होगा बल्कि ढक्कनयुक्त नाली का निर्माण कराकर जलभराव की समस्या दूर किया जाएगा।
इससे लगभग 50 हजार की आबादी को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री नगरीय अल्प विकसित व मलिन बस्ती विकास योजना के तहत मलिन बस्तियों में सुचारु आवागमन, जलभराव समस्या दूर करने के लिए बड़े पैमाने पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। योजना के तहत जिले के नगर पालिका क्षेत्र अकबरपुर के साथ ही नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा, जहांगीरगंज व इल्तिफातगंज की मलिन बस्तियों में न सिर्फ इंटरलॉकिंग कार्य कराया जाएगा बल्कि जलभराव समस्या दूर करने के लिए ढक्कनयुक्त नालियों का भी निर्माण होगा।
डूडा कार्यालय के अनुसार एक करोड़ 77 लाख 31 हजार रुपये की लागत से निर्माण कराए जाएंगे। इसके लिए प्रथम किस्त के रूप में 88 लाख रुपये भी शासन से उपलब्ध हो गया है। जनवरी माह के अंत तक टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिए जाएंगे।
यहां होंगे विकास कार्य
नगर पालिका क्षेत्र अकबरपुर के वार्ड 19 सिझौली में रामलाल के घर से अमरनाथ के घर तक इंटरलॉकिंग सड़क व ढक्कनदार नालियों का निर्माण , वार्ड नंबर 23 सदरपुर में प्राथमिक विद्यालय के बगल से हरिजन बस्ती तक इंटरलॉकिंग, पक्की सड़क से बनवारी के घर तक इंटरलॉकिंग व नाली का निर्माण होगा। नगर पंचायत जहांगीरगंज में वार्ड संख्या चार में अब्दुल बरकत के घर से रामसूरत के घर तक इंटरलॉकिंग व नाली निर्माण, रामधारी प्रजापति के घर सेराजा सोनी के घर तक इंटरलॉकिंग सड़क व नाली निर्माण व अच्छेलाल जायसवाल के घर से मनोज रजत के घर इंटरलॉकिंग व नाली निर्माण होगा। वार्ड नंबर 11 में छोटेलाल के घर से बिपिन बिहारी के घर तक इंटरलॉकिंग व नाली का निर्माण कराया जाएगा। नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा में वार्ड संख्या तीन में केशवराम के मकान से रामपियारे के मकान तक इंटरलॉकिंग व ढक्कनदार नाली तथा नगर पंचायत इल्तिफातगंज में आजादनगर में पिंक शौचालय से बुद्धू के मकान तक इंटरलॉकिंग सड़क व ढक्कनदार नाली का निर्माण होगा।
जल्द होगी टेंडर प्रक्रिया
मलिन बस्तियों में विकास कार्य के लिए शासन से मंजूरी मिल गई है। शीघ्र ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद विकास कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। - बीना सिंह, प्रभारी डूडा अधिकारी