अकबरपुर रोडवेज पर बिजली तार को बदलते कर्मचारी।
- फोटो : अकबरपुर रोडवेज पर बिजली तार को बदलते कर्मचारी।
अंबेडकरनगर। बिना किसी पूर्व सूचना के अकबरपुर नगर में बिना सूचना दिए तार बदले जाने से दो मोहल्लों की करीब 15 हजार की आबादी को पूरे दिन बिजली से वंचित रहना पड़ा। कई सरकारी कार्यालय भी इसकी जद में आ गए। वहां सामान्य कामकाज प्रभावित हुआ तो दर्जनों दुकानदारों व व्यावसाइयों के कामकाज पर भी प्रतिकूल असर पड़ा। उपभोक्ताओं ने मनमाने ढंग से बिजली आपूर्ति ठप कर दिए जाने पर नाराजगी जताई।
बिजली विभाग की मनमानी ने उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ा रखी हैं। शहर से लेकर गांव तक अलग-अलग कारणों से हाहाकार की स्थिति है। कहीं दो दिन तो कहीं तीन दिन बाद बिजली बहाल हो रही है। जिला अस्पताल में छह दिन बाद निर्बाध बिजली आपूर्ति हो पाई है। इस बीच अब नगर के अत्यंत व्यस्ततम इलाके बस स्टेशन क्षेत्र में शुक्रवार सुबह नौ बजे करीब अचानक सामान्य तार हटाकर उनके स्थान पर बंच कंडक्टर लगाए जाने का काम सुबह से शुरू कर दिया गया।
इससे बस स्टेशन क्षेत्र के अलावा एलआईसी गली, शास्त्रीनगर समेत आदि क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसके अलावा संबंधित क्षेत्र में स्थित तीन सरकारी कार्यालय कृषि विभाग, पशु चिकित्साधिकारी कार्यालय व अकबरपुर ब्लाॅक में भी बिजली गुल हो गई। इससे संबंधित कार्यालय में कई प्रकार के कार्य लेकर आने वाले लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
पूरे क्षेत्र में स्थित अलग-अलग दुकानदारों के व्यावसाय पर भी बिजली न रहने का असर दिखा। दोपहर तक कई घरों में इन्वर्टर जवाब दे गए। मोहल्लों के दो दर्जन से अधिक घरों में पेयजल दिक्कत भी खड़ी हुई। इस बीच स्थानीय लालजी, विक्रम, संदीप, सौरभ, विवेकानंद ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि बगैर किसी पूर्व सूचना के ही तार बदलने का काम शुरू कर दिया गया। यदि जानकारी होती तो पेयजल आदि की पहले से ही व्यवस्था कर ली जाती। जिम्मेदारों को ऐसे काम शुरू करने से पहले जानकारी दी जानी चाहिए थी। शाम पांच बजे के करीब बिजली आपूर्ति बहाल हुई तो लोगों ने राहत की सांस ली।