अंबेडकरनगर। जिला मुख्यालय से ग्रामीणांचल तक प्रमुख सड़कों और फुटपाथ पर अतिक्रमण हो गया है। सबसे ज्यादा समस्या शहरी क्षेत्र में हैं। जिम्मेदार अधिकारी अतिक्रमण हटवाने के बजाए चुप्पी साधे बैठे हैं। हालात ये हो गए हैं कि यहां पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। अतिक्रमण के चलते जाम की समस्या आम हो गई है, लेकिन इस गंभीर समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
शहर की सुंदरता पर अतिक्रमण का ग्रहण लगता जा रहा है। नगर पालिका अकबरपुर के गांधी चौक के पास फल और सब्जी के ठेले वालों ने कब्जा कर रखा है। निकाय प्रशासन अभियान चलाकर इनको वहां से हटवाता है, लेकिन टीम के जाने के बाद ठेले वाले दोबारा अतिक्रमण कर लेते हैं। प्रशासनिक बैठकों में अतिक्रमण न होने देने के निर्देश दिए जाते हैं, लेकिन उन पर गंभीरता से अमल नहीं कराया जा रहा है। अकबरपुर से अयोध्या मुख्य मार्ग अतिक्रमण के चंगुल में जकड़ कर सिकुड़ गया है। यहां जाम के हालात बने रहते हैं। इस मार्ग के फुटपाथ पर दुकानदारों ने पक्का अतिक्रमण कर रखा है। यहां सड़क तक अतिक्रमण फैला हुआ है।
यही हाल बसखारी मार्ग और टांडा मुख्य मार्ग का भी है। इन मार्गों पर भी व्यापारियों ने दुकान का सामान सड़क तक फैला रखा है। प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने को लेकर कई अभियान चलाए, लेकिन उनका असर नहीं दिखा। स्थानीय व्यापारियों के विरोध के चलते अतिक्रमण हटाने का काम अधर में ही लटका रह गया।
यही नहीं, सरकारी मशीनरी खुद अतिक्रमण का कारण बन रही है। नगर पालिका के सभी वाहन स्टैंड फुटपाथ पर ही संचालित हैं। जबकि नियम अनुसार स्टैंड किसी खाली भूमि पर बनाया जाना चाहिए। जहां यात्रियों और टैक्सी चालकों के बैठने व पानी पीने समेत अन्य सुविधाएं मुहैया हों, लेकिन शहर के सभी स्टैंड फुटपाथ पर संचालित हो रहे हैं। पार्किंग की व्यवस्था न होने के कारण गांव से शहर आने वाले लोगों को अपने वाहनों को सड़क पर खड़ा करना पड़ रहा है। इससे जाम के हालात बन जाते हैं।
अतिक्रमण की चपेट में बसखारी बाजार
बसखारी बाजार का चौराहा पूरी तरह अतिक्रमण की चपेट में है। बसखारी से आजमगढ़ जाने वाले सबसे व्यस्त मार्ग की पटरियों के किनारे पर ठेले व डग्गामार वाहनों ने अतिक्रमण कर रखा है। इससे यहां हमेशा जाम की समस्या बनी रहती है। यही हाल जलालपुर मुख्य बाजार, सुरहरपुर से जलालपुर रोड, मित्तूपुर मोड़, यादव चौराहा का है। टांडा के जुबैर चौराहा के अलावा मिश्रीलाल इंटर कॉलेज के निकट सड़क किनारे डग्गामार वाहनों ने अतिक्रमण कर रखा है। इसके चलते स्थानीय निवासियोंं के साथ ही वाहन चालकोंं को दुश्वारियोंं को सामना करना पड़ रहा है।
जल्द चलेगा अभियान
संबंधित अधिकारियों को फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर खाली कराने का निर्देश जारी किया जा रहा है। जल्द ही अभियान चलाकर फुटपाथ से अतिक्रमण खाली कराया जाएगा। -सदानंद गुप्त, एडीएम