संचारी रोग नियंत्रण जागरूकता अभियान को लेकर अकबरपुर स्वास्थ्य केंद्र पर निकली रैली।
अंबेडकरनगर। जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए मंगलवार को संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ हुआ। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भीटी में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय और डीएम अविनाश सिंह ने फीता काटकर किया।
एमएलसी ने कहा कि यह अभियान लोगों को संचारी रोग के बारे में न सिर्फ जागरूक करेगा वरन इससे निजात दिलाने में भी सहायक होगा। डीएम ने कर्मियों से कहा कि वे अभियान की सफलता के लिए पूरे तन्मयता के साथ काम करें। डीएम ने सीएमओ को निर्देश दिया कि डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, फाइलेरिया, दिमागी बुखार समेत अन्य संचारी रोगियों का अस्पतालों में प्राथमिकता पर इलाज किया जाए। आशा बहुओं को घर-घर जाकर लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए निर्देशित किया। इसके बाद डीएम ने सभी को व्यक्तिगत सफाई का ध्यान रखने, गांव-मोहल्ले को स्वच्छ बनाए रखने की शपथ सभी को दिलाई। एमएलसी ने हरी झंडी दिखाकर विशेष संचारी रोग दस्तक अभियान टीम को रवाना किया। सीडीओ आनंद कुमार शुक्ल ने कटेहरी में अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने लोगों को अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
सीएमओ ने बताया कि 31 अक्तूबर तक चलाए जाने वाले इस अभियान में लोगोंं को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। टांडा ब्लाॅक के भड़सारी गांव में डीडीओ सुनील तिवारी ने जागरूकता रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंंने कहा कि इस अभियान को सफल बनाकर संचारी रोगों को दूर भगाना है। रैली में बीडीओ राघवेंद्र प्रताप सिंह, सीएचसी अधीक्षक डॉ. दिनेश वर्मा समेत आशा कार्यकर्ता मौजूद रहे। जहांगीरगंज में डिप्टी सीएमओ डॉ.रामानंद व सीएचसी प्रभारी ने लोगों को मच्छरोंं से बचाव के उपाए बताए। यहां डॉ.किरण कुमार शर्मा, अंजनी कुमार आदि मौजूद रहे। आलापुर में एसडीएम सुभाष सिंह, बीडीओ हौसला प्रसाद के अलावा चिकित्सा प्रभारी डॉ. आशीष राय ने अधिकारियों और कर्मचारियों को गांव मोहल्ले मेंं सफाई का ध्यान रखने तथा दूसरों को स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई।