The beneficiaries got the benefit of housing and animal shed.
ग्राम्य विकास मंत्री ने पीठापुर में लगाई चौपाल, छह शिक्षिकाओं को दिया टैबलेट
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रवणक्षेत्र/कटेहरी (अंबेडकरनगर)। प्रदेश की ग्राम्य विकास राज्यमंत्री विजयलक्ष्मी गौतम ने सोमवार को पीठापुर गांव में चौपाल लगाकर दो दर्जन से अधिक लाभार्थियों को आवास, पशु आश्रयस्थल व अन्य योजनाओं का लाभ दिया। मंत्री ने ग्रामीणों को केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियां भी गिनाया।
मंत्री ने कहा कि समाज के सभी जरूरतमंदों का ध्यान रखकर सरकार सबको लाभान्वित कर रही है। 10 ग्रामीणों को निजी पशु आश्रय शेड तथा पांच ग्रामीणों को आवास का लाभ प्रदान करने के साथ ही स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए 72 लाख रुपये का चेक सौंपा। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय की व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए छह महिला शिक्षिकाओं को टैबलेट भी वितरित किया।
इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी, उपश्रम आयुक्त राजेंद्र कुमार मिश्र, बीएसए भोलेंद्र प्रताप सिंह,बीडीओ प्रमोद यादव, बीईओ सबिस्ता परवीन, जिला कार्यक्रम अधिकारी दिनेश कुमार मिश्र, ग्राम पंचायत अधिकारी कंचन यादव व एपीओ अमरजीत के अलावा कई अन्य विभागों के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।