जलालपुर (अंबेडकरनगर)। कोतवाली क्षेत्र के रहीमपुर गांव में सार्वजनिक मार्ग पर कब्जे के मामले में आखिरकार प्रशासन सोमवार को हरकत में आया। एसडीएम जलालपुर राहुल गुप्ता व सीओ अनूप कुमार सिंह ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी लगाकर अतिक्रमण ध्वस्त कर दिया है। इस प्रकरण में कृष्ण कुमार द्विवेदी ने ने एक याचिका सीजेएम काेर्ट में भी दाखिल की थी, जिसमें आरोप लगाया था कि विपक्षी छोटेलाल उर्फ अच्छे लाल तिवारी ने आबादी की भूमि को घेरकर लोहे का गेट लगाकर सार्वजनिक रास्ते को अवरुद्ध कर दिया है। इस प्रकरण में पूर्व में एसडीएम ने कब्जा हटाने का निर्देश भी दिया था, लेकिन इसका अनुपालन नहीं हुआ था। प्रकरण में मंगलवार को कोर्ट में सुनवाई होनी थी। इस बीच रविवार को अधिवक्ता व उनके परिवार के लोगों ने धरना प्रदर्शन भी शुरू कर दिया था। इसके बाद हरकत में आए अधिकारियों ने सार्वजनिक रास्ते पर लगे लोहे के गेट को गिराया और रास्ते को आम जनमानस के लिए खोल दिया गया।