बसखारी (अंबेडकरनगर)। हंसवर क्षेत्र की एक दलित किशोरी के साथ उसके ही मौसेरे भाई ने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर छेड़खानी की। घटना बीते 20 मई की रात की है, जब किशोरी अपने घर के बाहर सो रही थी। तहरीर के अनुसार, किशोरी का मौसेरा भाई मिथुन निवासी आमा दरवेशपुर आलापुर, आमिर निवासी रुस्तमपुर बसखारी और एक अन्य युवक एक ही मोटर साइकिल से गांव पहुंचे और किशोरी के घर गए। वहां तीनों ने मिलकर किशोरी के साथ छेड़खानी की। शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने मारपीट की कोशिश की, पर भीड़ जुटते ही भाग निकले। पीड़िता के पिता की तहरीर पर तीनों आरोपियों के विरुद्ध छेड़खानी, मारपीट, पॉक्सो एक्ट व एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा। (संवाद)