आलापुर (अंबेडकरनगर)। निजी स्कूलों की तर्ज पर अब सरकारी विद्यालयों के स्मार्ट क्लास में विधिवत पढ़ाई शुरू हो गई है। इन क्लास में छात्र-छात्राओं को आधुनिक तरीके से तकनीक के जरिए डिजिटल बोर्ड पर पढ़ाई करवाई जा रही है। छात्र-छात्राएं इसे लेकर काफी खुश हैं।
क्षेत्र शिक्षा खंड रामनगर एवं जहांगीरगंज में 310 परिषदीय स्कूल हैं। इनमें 247 प्राथमिक, 63 उच्च प्राथमिक व कंपोजिट विद्यालय हैं, जिसमें लगभग 33 हजार विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इन स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को शासन की ओर से निःशुल्क ड्रेस, बैग, स्वेटर और जूते-मोजे के साथ मध्याह्न भोजन दिया जाता है। निजी स्कूलों की तर्ज पर बच्चों को शिक्षा देने के लिए शासन लगातार प्रयास कर रहा है। उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को आधुनिक तरीके से शिक्षण कार्य कराने के लिए 46 विद्यालयों में स्मार्ट क्लास के तहत डिजिटल बोर्ड से शिक्षण कार्य शुरू हो गया है।
उच्च प्राथमिक विद्यालय में आधुनिक तरीके से तकनीक के जरिए शिक्षण कार्य करने के की पहल की गई है जिससे ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन भी पढ़ाई कराई जा सके। इसके बाद क्षेत्र के साथ 46 विद्यालयों में स्मार्ट क्लास बनाकर यहां पर डिजिटल बोर्ड के जरिए शिक्षण कार्य शुरू करवा दिया गया है। इसमें रामनगर शिक्षा खंड के 22 और जहांगीरगंज के 24 विद्यालयों में स्मार्ट क्लास संचालित है। इसमें किताबें और टीचिंग मैनुअल सहित वीडियो कंटेंट के जरिए विद्यार्थियों को शिक्षण कार्य कराया जा रहा है। लोकसभा चुनाव के पहले ही स्मार्ट क्लास तैयार की गई थी लेकिन अब विधिवत पढ़ाई शुरू हुई है।
खंड शिक्षा अधिकारी जहांगीरगंज संतोष कुमार पांडेय तथा रामनगर शैलजा मिश्रा ने बताया कि 46 विद्यालयों में डिजिटल बोर्ड से पढ़ाई शुरू करा दी गई है। विद्यार्थी भी आसानी से सीख रहे हैं। हम सबका प्रयास है कि अभिभावक अपने बच्चों का प्रवेश परिषदीय विद्यालय में अधिक से अधिक कराएं।