बसखारी (अंबेडकरनगर)। ब्लॉक संसाधन केंद्र बसखारी में गुरुवार को तीन दिवसीय टीएलएम (टीचर लर्निंग मटेरियल) कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। 24 दिसंबर तक चलने वाली इस कार्यशाला में पांच न्याय पंचायतों के परिषदीय स्कूलों से एक-एक शिक्षकों ने हिस्सा लिया।
बीईओ कृष्ण कुमार सिंह ने शिक्षकों से बच्चों को बेहतर शिक्षा देने में टीएलएम के महत्व को समझाया। कहा कि शिक्षकों को नवीन जानकारियां व माध्यम से अवगत कराने के लिए ही यह कार्यशाला आयोजित की जा रही है। शिक्षकों को यहां मिलने वाली जानकारी को शिक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं तक पहुंचाने की जरूरत है।
द्वितीय चरण के इस प्रशिक्षण में न्याय पंचायत मुंडेरा, सुलेमपुर, तिलकारपुर, जैनुद्दीनपुर व मसड़ा मोहनपुर के प्रत्येक परिषदीय स्कूल से एक-एक शिक्षकों ने हिस्सा लिया। शिक्षण के समय प्रयोग होने वाले रुचिकर, कलात्मक और शिक्षा उपयोगी पाठ्य सहायक सामग्री के निर्माण के बारे में जानकारी दी गई।
शब्दों की दुनिया, शब्दों का जाल, आकृति का जादू, पर्यावरण संरक्षण, तुकांत शब्द, आकृति पहचानो, फ्लैश कार्ड, कहानी निर्माण आदि से संबंधित पाठ्य सहायक सामग्री बनाने के तौर-तरीके सिखाए गए। कार्यशाला में दिनेश नरायण सिंह, नीलेश तिवारी, डॉॅ. फारुख, जनार्दन यादव, नरेंद्रधर व मोहम्मद हातिम आदि प्रशिक्षण दे रहे हैं।