कटेहरी (अंबेडकरनगर)। अकबरपुर के कंपोजिट स्कूल सिझौलिया में तैनात सहायक अध्यापिका की सोमवार देर शाम अचानक मौत हो गई। ससुराल में हुई मौत के बाद पति ने बीमारी बताया तो वहीं शिक्षिका के पिता ने पोस्टमार्टम कराकर सच का पता लगाने और उसी के अनुरूप कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और छानबीन शुरू कर दी है।
ससुराल पक्ष के मुताबिक थाना क्षेत्र अहिरौली के जैनपुर खेंवार निवासी वर्तिका (31) की सोमवार देर शाम अचानक तबीयत खराब हो गई। पति दीपक के अनुसार इस पर उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसी बीच महरुआ थाना क्षेत्र के औरंगनगर कमलापुर स्थित मायके से पिता दिनेश पांडेय भी जिला अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने शव का पोस्टमार्टम कराए जाने की मांग की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जाता है कि वर्तिका अकबरपुर ब्लॉक के सिझौलिया स्थित परिषदीय कंपोजिट स्कूल में सहायक अध्यापिका के पद पर तैनात थी। वह अपने दो वर्षीय पुत्र शौर्य के साथ मायके में ही रहती थी। वहीं से वह स्कूल आती जाती थी। उसका पति गाजियाबाद में सिविल इंजीनियर के पद पर तैनात है। चार दिन पहले ही पति दीपक दस दिन का अवकाश लेकर घर आया था। शनिवार को वह अपनी पत्नी को लेकर खेंवार चला गया। इसी बीच सोमवार रात उसकी मौत हो गई।
एसओ अहिरौली सुनील पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी। अन्य जांच की जा रही है। पिता ने सामान्य तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद उसी के अनुरूप केस दर्ज होगा।