अंबेडकरनगर। पोषक आहार खाने के लिए टीबी मरीजों को मिलने वाली अनुदान राशि में क्षय रोग विभाग ने इजाफा कर दिया है। अनुदान राशि बढ़ने से नए मरीजों को राहत मिलेगी। जिले में 2431 टीबी मरीज पंजीकृत हैं।
जिले में टीबी की जांच अलग-अलग स्थानों पर बने 32 केंद्रों पर की जाती है। सरकार की ओर से निक्षय पोषक योजना के तहत मरीजों को 500 रुपये दिए जाते रहे हैं। हालांकि अब इसकी जगह अब एक हजार रुपये दिए जाएंगे। निक्षय पोषक योजना के तहत बढ़ी धनराशि का लाभ एक नवंबर से रजिस्टर्ड होने वाले नए मरीजों को ही मिलेगा। इसका लाभ टीबी के पुराने मरीजों को नहीं मिलेगा। वर्तमान में जिले में लगभग टीबी के संक्रमित मरीज हैं।
निक्षय योजना के तहत बढ़ी धनराशि का लाभ एक नवंबर से टीबी के नए मरीजों को मिलेगा। इसके लिए विभाग की ओर से बाकायदा मरीज की जांच करने के बाद उनका डाटा तैयार कर पोर्टल पर दर्ज होगा। इसके बाद विभाग द्वारा धनराशि सीधे मरीज के खाते में भेजी जाएगी। क्षय रोग विभाग टीबी के मरीजों को मुफ्त जांच और छह माह तक टीबी की दवा मुफ्त उपलब्ध कराता है। दवा की खुराक नियमित इस्तेमाल करने से टीबी रोग से छुटकारा मिल जाता है।
-
महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है पोषण
टीबी उपचार में पोषण महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, इसलिए टीबी मरीजों के लिए इस पर खास ध्यान दिया जाता है। पोषण के लिए मासिक सहायता राशि दोगुनी होने पर अब टीबी रोगियों को इसका लाभ मिलेगा। इसका उद्देश्य टीबी के खिलाफ भारत सरकार की मुहिम में योगदान देना है।
डॉ.गौतम मिश्र, जिला क्षय रोग अधिकारी