अंबेडकरनगर। अतिक्रमण और प्रदूषण से कराह रही तमसा नदी को बचाने की कोशिश के तहत उसकी सफाई का अभियान फिर शुरू कराया गया है। सफाई के लिए पोकलैंड मशीन लगाई गई है। अकबरपुर नगर के पुराने तहसील तिराहा के पास नदी की सफाई के दौरान शनिवार को नगर पालिका के कर्मचारी भी मौजूद रहे।
अकबरपुर नगर से होकर गुजरने वाली तमसा नदी को प्रदूषण व अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए गत दिनों डीएम अविनाश सिंह ने सफाई शुरू कराई थी। शुरुआत में सिर्फ सफाई कर्मियों को लगाया गया। उनसे सफाई न हो पाने की स्थिति में जेसीबी लगाई गई। प्रदूषण अधिक होने के चलते जेसीबी भी नाकाफी साबित हुई तो डीएम ने पोकलैंड से सफाई कराने का निर्देश दिया।
गोरखपुर से आई पोकलैंड मशीन नदी में फंस गई और उसका इंजन खराब हो गया। बड़ी क्रेन से दो दिन पहले पोकलैंड को बाहर निकाला गया। उसे दुरुस्त करने के बाद शनिवार से दोबारा नदी की सफाई शुरू कराई गई। नगर पालिका अकबरपुर की अधिशासी अधिकारी बीना सिंह ने बताया कि पोकलैंड से नदी की सफाई बेहतर ढंग की जा रही है।