अंबेडकरनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम अविनाश सिंह की अध्यक्षता में जिला आयुष समिति की बैठक मंगलवार देर शाम हुई। डीएम ने आयुष हेल्थ वेलनेस सेंटर के कार्यों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों एवं वेलनेस सेंटर्स के संचालन, निर्माणाधीन आयुष चिकित्सालयों की स्थिति आदि की बिंदुवार समीक्षा की।
सभी निर्माणाधीन चिकित्सालयों की गुणवत्ता बेहतर रहे इसके लिए संबंधित चिकित्सकों को नियमित स्थलीय निरीक्षण करने तथा योगा पार्क में समय-समय पर योग कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए। सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को अस्पताल में नियमित समय से उपस्थित रहने के साथ ही वहां आने वाले मरीजों को बेहतर चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराने को कहा। आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक चिकित्सालय में दवाओं की उपलब्धता पर भी विशेष जोर दिया।
डीएम ने क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी को निर्देश दिया कि जिले में अनाधिकृत चिकित्सालय का संचालन न होने पाए। पंजीकृत अस्पताल ही संचालित हों। उन्होंने कहा कि अभियान चलाकर अवैध व अपंजीकृत चिकित्सालयों पर सख्कात र्रवाई की जाए। बैठक में सीएमओ राजकुमार समेत आयुष विभाग के प्रभारी चिकित्सक, फार्मासिस्ट आदि उपस्थित रहे।