राजेसुल्तानपुर के माझा कम्हारिया में बाढ़ के चलते नाव का सहारा लेते ग्रामीण।
राजेसुल्तानपुर (अंबेडकरनगर)। तहसील क्षेत्र आलापुर के कुर्मी प्रसाद का पूरा संपर्क मार्ग पर बुधवार को बारिश का पानी भरा होने से नाव का संचालन जारी रहा। इससे सबसे अधिक समस्या जहां छात्र-छात्राओं को हो रही तो वहीं रात में आवागमन करने वालों को भी मुश्किलें हो रहीं। इस बीच ग्रामीणों ने संबंधित मार्ग पर पुल निर्माण की मांग की। उधर माझा कम्हरिया में बुधवार को लगभग पांच बिस्वा खेत कटान के चलते नदी में समा गया।
अराजी देवारा ग्राम पंचायत के कुर्मी प्रसाद का पूरा की लगभग एक हजार की आबादी की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। पूर्व में सरयू नदी के जलस्तर में हुई वृद्धि के चलते जहां संपर्क मार्ग पूरी तरह से जलमग्न हो गया था तो वहीं अब बीते दिनों हुई बारिश के चलते एक बार फिर से संपर्क मार्ग पर पानी भर गया। बारिश का दौर थमे हुए दो दिन बीत गए, लेकिन अभी भी पानी बरकरार है। नतीजा यह है कि आवागमन के लिए नाव का संचालन जारी है।
इससे छात्र-छात्राओं, बुजुर्गों व महिलाओं को आवागमन में मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। गांव के अवधेश, मनीराम, रामबदन ने कहा कि रात के समय अधिक दिक्कत होती है। इसके अलावा किसी बीमार को अस्पताल ले जाने में भी समस्या का सामना करना पड़ता है। सामाजिक कार्यकर्ता मित्रसेन ने कहा कि संबंधित संपर्क मार्ग पर यदि पुल का निर्माण हो जाए तो इस प्रकार की मुश्किल दूर हो सकती है। इस संबंध में जिला प्रशासन से लेकर सांसद तक को शिकायती पत्र सौंपा जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा सका है। बुधवार को माझा कम्हरिया क्षेत्र के दो किसानों का लगभग पांच बिस्वा खेत कटान की भेंट चढ़ गया। इससे उन्हें आर्थिक चपत लगी।