कलेक्ट्रेट में गुरुवार को डीएम को ज्ञापन सौंपते कांग्रेस कार्यकर्ता। -संवाद
अंबेडकरनगर। कानपुर देहात के मड़ौली गांव में हुई घटना के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने कहा कि सरकार की तानाशाही नीति जनता के समक्ष उजागर हो चुकी है। बाद मेंं अपनी मांगों से संबंधित राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन डीएम सैमुअल पॉल एन को सौंपा।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष रवीश शुक्ल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ है। कानपुर देहात में जिस तरह से ब्राह्मण परिवार के साथ अमावनीय घटना हुई उसमें दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए। सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि रामराज्य की बातें करने वाली सरकार रावण राज्य की तर्ज पर काम कर रही है। कानपुर देहात की डीएम व एसपी को निलंबित कर उनके खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तारी की जाए।
कांग्रेसियों ने पीड़ित परिवार को दो करोड़ रुपये की आर्थिक मदद, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, संबंधित भूमि का पीड़ित परिवार को पट्टा देने व आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की। कहा कि यदि मांगें पूरी न हुईं तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर गाजी फाउंडेशन के अध्यक्ष मुराद अली, मोहसिन खान, रीतेश तिवारी, सरफराज, इरफान, संतोष, राकेश तिवारी आदि मौजूद रहे।