राजेसुल्तानपुर (अंबेडकरनगर)। तहसील क्षेत्र आलापुर के कम्हरिया क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत की खबर है। कटान को रोकने के लिए बाढ़ प्रखंड अयोध्या ने कम्हरिया से लेकर माझा कम्हरिया तक एक दर्जन स्थानों को चिह्नित कर अस्थायी ठोकर का निर्माण तेजी से शुरू कर दिया है।
मालूम हो कि बीते दिनों सरयू नदी के उतार चढ़ाव के बीच कम्हरिया व माझा कम्हरिया क्षेत्र में लगभग 84 किसानों के 25 बीघा से अधिक खेत व शीशम की बाग कटान की भेंट चढ़ गई थी। हालांकि डीएम अविनाश सिंह की पहल पर प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाया गया। बीते दिनों डीएम ने कटान वाले क्षेत्र का जायजा लिया तो उन्होंने बाढ़ प्रखंड को पत्र भेजकर अस्थायी तौर पर ही कटान रोकने के लिए ठोकर बनाए जाने को कहा।
इस पर बाढ़ प्रखंड अयोध्या ने एक दिन पहले शनिवार को कम्हरिया से लेकर माझा कम्हरिया तक एक दर्जन उन स्थानों का चिह्नांकन किया, जहां कटान हुई थी या फिर कटान की संभावना है। चिह्नांकन कर संबंधित स्थानों पर ठोकर के निर्माण का कार्य प्रारंभ हो गया। बांस की पट्टी लगाकर उसके दोनों तरफ बोरी में ईंट-पत्थर लगाकर रखा जा रहा है, यह कार्य रविवार को भी जारी रहा।
रविवार को एसडीएम आलापुर सदानंद सरोज व बाढ़ प्रखंड अयोध्या के एसडीओ पीयूष ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों का जायजा लिया। एसडीएम ने कहा कि अस्थायी ठोकर बनाए जाने से कटान से बचाव हो सकेगा। आगामी दिनों में इसे स्थायी कर दिया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि कटान पर पूरी तरह से अंकुश लगाने को लेकर लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
उधर सरयू नदी के जलस्तर में दो दिनों की वृद्धि के बाद रविवार को जलस्तर में तेजी से कमीं हुई। शनिवार को जलस्तर जहां 84.83 मीटर पर पहुंच गया था तो वहीं रविवार को गिरकर 84.43 मीटर पहुंच गया जो तावनी बिंदु 84.56 मीटर से 13 सेंटीमीटर कम है। जलस्तर घटने से माझा क्षेत्र के लोगों ने बड़ी राहत की सांस ली।