अंबेडकरनगर। राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर जिले में विभिन्न जगहों पर अलग-अलग प्रतियोगिताएं हुईं। मुख्य आयोजन खेल स्टेडियम में हुआ, जहां 14 वर्ष से कम के खिलाड़ियों की हॉकी प्रतियोगिता में स्पोर्ट्स स्टेडियम बी टीम विजयी रही।
डीएम ने विजेता व उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। खेल विभाग की तरफ से कई प्राचीन खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन कराया गया। उधर, बेसिक शिक्षा विभाग की तरफ से भी खेलों को बढ़ावा देने के लिए शिक्षकों की कई तरह की प्रतियोगिताएं स्टेडियम में हुईं। अलग-अलग स्कूलों में भी इसी तरह के आयोजन हुए।
एकलव्य खेल स्टेडियम में प्रतियोगिता के समापन समारोह के मुख्य अतिथि डीएम सैमुअल पॉल एन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। उनका मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि खेलों को लेकर लगातार हमें मजबूती से भागीदारी करते रहना है। उन्होंने मां सरस्वती व मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जिला खेल अधिकारी शीला भट्टाचार्या ने खेल गतिविधियों पर प्रकाश डाला।
डीएम ने हॉकी प्रतियोगिता की विजेता एकलव्य स्टेडियम बी टीम तथा उपविजेता स्टेडियम की ए टीम को पुरस्कृत भी किया। इससे पहले सुबह खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ मुख्य अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार राय ने किया।
सेमीफाइनल मैच का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर किया। प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों ने भाग लिया। कार्यक्रम में ओलंपिक संघ जिला सचिव हनुमान प्रताप सिंह, संचालक विजयचंद्र मिश्र, जिला व्यायाम शिक्षक मोहम्मद हसन आदि मौजूद रहे।
उधर, बेसिक शिक्षा विभाग की तरफ से आयोजित खेल प्रतियोगिता के चक्रक्षेपण में कटेहरी ब्लॉक के कुड़िया चितौना स्कूल के शिक्षक अनूप कुमार ने बाजी मारी। अकबरपुर के सुधीर कुमार दूसरे तथा बसखारी के रामकेस तीसरे स्थान पर रहे।
गोला क्षेपण महिला में भियांव की उर्मिला भारती प्रथम, कटेहरी की वंदना जायसवाल दूसरे तथा जलालपुर की श्वेता सिंह तीसरे स्थान पर रहीं। बैडमिंटन डबल में अमित कुमार मिश्र व अजय वर्मा की जोड़ी ने बाजी मारी।
निर्णायक मंडल में सुधीर चतुर्वेदी, गंगाराम यादव, रवींद्र कुमार, एसपी शुक्ल व दलजीत सिंह आदि शामिल रहे। वरिष्ठ शिक्षक डॉ. विजयचंद्र मिश्र के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में खेलों में भाग लेने वाले प्रशिक्षकों का मनोबल डीएम सैैमुअल पॉल एन व एएसपी संजय कुमार राय के अलावा खंड शिक्षाधिकारी अकबरपुर धनपत यादव ने भी बढ़ाया।
सेंट पीटर्स इंटर कॉलेज अकबरपुर में राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
बाद में बच्चों ने मेजर ध्यानचंद्र, कर्णम मल्लेश्वरी व नीरज चोपड़ा की झांकी भी निकाली। फादर विल्सन ने युवाओं को खेल प्रतियोगिताओं में शामिल होने का आह्वान किया। डीएवी आसोपुर में छात्र-छात्राओं के बीच कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रधानाचार्य जुगेंद्र सिंह उपाध्याय ने विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया।