अंबेडकरनगर। त्योहारों के मद्देनजर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए बिजली विभाग ने एक माह का विशेष विद्युत अनुरक्षण अभियान शुरू किया है। यह अभियान 15 अक्तूबर तक चलेगा। अधीक्षण अभियंता अनुभव कुमार ने बताया कि दशहरा और दीपावली पर उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए विभाग ने कार्ययोजना तैयार की है। अभियान के तहत सब स्टेशनों, पोल, लाइनों और ट्रांसफार्मरों की गहन जांच की जा रही है। इनका प्रोटेक्शन सिस्टम परखा जा रहा है ताकि आपूर्ति व्यवस्था किसी भी तकनीकी खराबी से प्रभावित न हो। उन्होंने बताया कि फीडरों की जांच कर हॉट स्पॉट और प्रणालीगत कमियों को दूर किया जा रहा है। जिन क्षेत्रों में बार-बार ट्रिपिंग की समस्या सामने आती है वहां विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पेड़ों की टहनियों की कटाई-छंटाई कर लाइनों को सुरक्षित बनाया जा रहा है। साथ ही एचटी और एलटी लाइन सहित वितरण प्रणाली के अन्य घटकों की मरम्मत और देखभाल भी अभियान का हिस्सा है।