अंबेडकरनगर। अवैध बालू खनन की राह में बाधक बन रहीं दो दुकानों को एसओ राजेसुल्तानपुर ने बगैर राजस्व कर्मी की मौजूदगी के ढहवा दिया। अस्थायी तौर पर बनीं इन दुकानों को क्षतिग्रस्त किए जाने की शिकायत शुक्रवार को भाजपा नेताओं ने एसपी से मिलकर की। उन्हें बताया गया कि एसओ ने दो गरीब परिवारों को नुकसान पहुंचाया है। इस पर एसपी ने एसओ को फोन कर कड़ी फटकार लगाई। कहा कि ऐसी कोई भी प्रक्रिया राजस्व टीम की मौजूदगी में तय करना है। निर्देेश दिया कि एसडीएम व तहसीलदार से मिलकर प्रकरण में अब जरूरी प्रक्रिया तय कराई जाए।
जन सुनवाई में शुक्रवार को पहुंचे राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के कम्हरिया निवासी कृपाशंकर सिंह ने एसपी को बताया कि बीते दिनों कम्हरिया घाट पर सीएम के आगमन को देखते हुए मेरे बैनामे की भूमि से होकर अस्थायी पक्की सड़क बनाने के लिए राजस्व प्रशासन ने अनुरोध किया था। ऐसा इसलिए जिससे सीएम की गाड़ी निर्बाध ढंग से मुड़ सके। सीएम का दौरा निपटने के बाद संबंधित भूमि पर फिर से छप्पर व गुमटी की दुकान रख ली गई।
कृपाशंकर ने कहा कि चूंकि पिच सड़क बन जाने के बाद अवैध बालू खनन करने वालों को आसानी हो गई थी। इसलिए वे चाहते थे कि बैनामे की भूमि पर बनी सड़क स्थायी तौर पर रह जाए और दुकानें हटा दी जाएं। ऐसा करने के लिए राजस्व प्रशासन पर जोर डाला गया, लेकिन बात नहीं बनी। इसी बीच बीते दिन वहां पहुंचे एसओ नागेंद्र सरोज ने दो दुकानों को जबरन क्षतिग्रस्त करा दिया और वहां से हटवा दिया।
कृपाशंकर के साथ पहुंचे पूर्व विधायक त्रिवेणीराम, वरिष्ठ नेता यमुना प्रसाद चतुर्वेदी, पूर्व जिलाध्यक्ष रमाशंकर सिंह ने कड़ी नाराजगी जताई। एसपी ने फौरन एसओ को फोन मिलाया तो एसओ ने कहा कि मैं मौके पर गया था। वहां सड़क के एक हिस्से पर दुकान देख ठीक नहीं लगा तो उसे हटवा दिया। एसपी ने इस पर एसओ को कड़ी फटकार लगाई और कहा कि बगैर राजस्व टीम के इस कार्रवाई का अधिकार किसने दे रखा है।