अकबरपुर नगर के मीरानपुर की फूलकुमारी के पुत्र की तबियत बीते शनिवार की रात 10 बजे करीब अचानक बिगड़ गई। परिजन आननफानन दीपक को लेकर जिला अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचे। जहां मौके पर कोई भी चिकित्सक नहीं मिला। तीमारदारों के हो हल्ला मचाने के बाद मौजूद फार्मासिस्ट ने मरीज को देखकर ग्लूकोज चढ़वाना शुरू किया। इसके बाद ही फोन कर बुलाए गए डॉक्टर ने पहुंचकर मरीज को देखा।
केस दो
तमसा मार्ग निवासी गोविंदा की बहन गीता का इलाज भी जिला अस्पताल में चल रहा है। मंगलवार को वह बहन की तबियत बिगड़ने पर इलाज कर रहे डॉक्टर को दिखाने के लिए ओपीडी लेकर पहुंचे। जहां पता चला कि जो डॉक्टर उनकी बहन को देख रहा था उनकी सोमवार को इमरजेंसी में ड्यूटी लगी थी। इस कारण उनकी ओपीडी अब बुधवार को होगी। ऐसे में मजबूरी में दूसरे डॉक्टर को दिखाना पड़ा।
केस तीन
जहांगीरगंज के राकेश कुमार ने बताया कि उसके पिता पिता संतराम की तबियत बीते सोमवार की रात अचानक बिगड़ गई थी। देर रात उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल की इमरजेंसी लेकर आए तो यहां ड्यूटी पर कोई भी चिकित्सक तैनात नही मिला। मौके पर मौजूद फार्मासिस्ट व नर्स ने ही उनकी तकलीफ सुनने के बाद कुछ दवाएं दीं। करीब दो घंटे बाद मौके पर आए डॉक्टर ने उनके पिता को देखा।
अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को इलाज की सुविधा नहीं मिल पा रही है। 18 बेड वाले इमरजेंसी वार्ड के संचालन के लिए जरूरी आठ चिकित्सकों की जगह वर्तमान में सिर्फ एक डॉक्टर की ही बतौर इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (ईएमओ) तैनाती है।
डॉक्टरों की कमी के कारण देर रात इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को इलाज में हो रही परेशानी से जुड़े उक्त तीन मामले तो बस बानगी मात्र हैं। हकीकत में देर शाम के बाद इमरजेंसी में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को डॉक्टर न मिल पाने के कारण परेशान होना पड़ता है। इससे छुटकारा पाने के लिए दूसरे विशेषज्ञ चिकित्सकों को इमरजेंसी में तैनात किया जाता है। इससे अस्पताल की ओपीडी सेवा में अड़ंगा लगता है।
जिला अस्पताल में इमरजेंसी सेवा वैकल्पिक व्यवस्था के सहारे चल रही है। 18 बेड के इमरजेंसी वार्ड के संचालन के लिए यहां ईएमओ के आठ पद स्वीकृत है। इसके बावजूद चिकित्सकों की कमी के चलते वर्तमान में पूरी इमरजेंसी सेवा का भार वार्ड में तैनात एक मात्र इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. मनोज के कंधों पर है।
इमरजेंसी सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तहत अस्पताल में तैनात अन्य विशेषज्ञ चिकित्सक की तैनाती करना पड़ती है। इससे ओपीडी सेवा बाधित होने लगती है। जिला अस्पताल में एलोपैथिक के 22, आयुर्वेदिक के तीन चिकित्सक के साथ ही तीन महिला सर्जन की तैनाती है। ऐसे में जब इन चिकित्सक की ड्यूटी इमरजेंसी में लगानी पड़ती है तो ओपीडी में आने वाले मरीजों को इलाज कराने में मुश्किल उठानी पड़ती है।
रिक्त पदों के लिए भेजा गया पत्र
ईएमओ के रिक्त चल रहे सात पद पर तैनाती के लिए निदेशालय को पत्र भेजा गया है। उम्मीद है कि शीघ्र ही चिकित्सक की तैनाती हो जाएगी। हालांकि मरीजों को परेशानी से बचाने के लिए अस्पताल में तैनात दूसरे डॉक्टरों को इमरजेंसी में तैनात किया जाता है।
डॉ. ओमप्रकाश, सीएमएस