अंबेडकरनगर। सावन के पहले सोमवार को भगवान शिव की पूजा-अर्चना के लिए शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। शिवमंदिर हर-हर महादेव जयकारों से गूंजेंगे। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रमुख शिवमंदिरों में रविवार को जरूरी तैयारियां की गई हैं। पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं।
अकबरपुर नगर से सटे पवित्र शिवबाबा के महंत ओमप्रकाश गोस्वामी ने बताया कि आम दिनों में सोमवार व शुक्रवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजन-अर्चन के लिए मंदिर पहुंचते हैं। सावन के पहले सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु आएंगे। इसे देखते हुए तैयारियां की गई हैं। अकबरपुर नगर के पुराने तहसील तिराहा स्थित गायत्री मंदिर, पंडा टोला स्थित शिवालय, नई सड़क के शिवमंदिर के साथ टांडा, जलालपुर, भीटी व अन्य क्षेत्रों में शिवमंदिरों में भी रविवार को जरूरी तैयारियां की गईं। एएसपी संजय राय ने बताया कि प्रमुख मंदिरों व शिवालयों के आसपास पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई।