शब-ए-बरात के मौके पर किछौछा स्थित कब्रिस्तान पर मंगलवार रात फातिहा पढ़ते लोग।
अंबेडकरनगर। जिले भर में मंगलवार रात शब-ए-बरात का त्योहार अकीदत और एहतराम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर लोगों ने रात भर इबादत कर अल्लाह से दुआएं मांगीं और अपने पूर्वजों की मगफिरत के लिए फातिहा पढ़ी। पर्व को लेकर मुस्लिम बहुल इलाकों में दिनभर रौनक और धार्मिक वातावरण बना रहा। मंगलवार दोपहर बाद से ही लोग अपने परिजनों के साथ कब्रिस्तानों में पहुंचने लगे। वहां उन्होंने अपने पूर्वजों की कब्रों पर फातिहा पढ़ी और दुआएं कीं। शाम ढलने के बाद अकीदतमंदों ने मस्जिदों का रुख किया। मस्जिदों में नफिल नमाज अदा की गई। कुरान की तिलावत और जिक्र-ए-इलाही में लोग रात भर मशगूल रहे। कई लोगों ने शब-ए-बारात के मौके पर अगले दिन का रोजा भी रखा। मान्यता के अनुसार, इस रात अल्लाह अपने बंदों की दुआएं कबूल करता है और गुनाहों की माफी देता है। किछौछा स्थित आस्ताना सैयद मखदूम अशरफ और टांडा तलवापार की दरगाह पर दूर-दराज से लोग पहुंचे।