अंबेडकरनगर । कड़ाके की ठंड के बीच सोमवार को धूप निकली तो तो लोगों के चेहरे खिल उठे। जगह-जगह लोग धूप सेंकते नजर आए। हालांकि सर्द हवा चलने से गलन में कमी नहीं हुई। धूप ने किसानों की चिंता कम कर दी। गेहूं किसानों ने सिंचाई तेज कर दी है।
एक दिन पहले रविवार को सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा था, जिससे समूचा जनपद कड़ाके की ठंड से ठिठुर उठा। सोमवार सुबह 11 बजे करीब धूप निकली तो ठंड से परेशान लोगों को कुछ राहत मिली। धूप का आनंद लेने के लिए लोग घर के बाहर व छत पर पहुंच गए। बीते कई दिनों से सन्नाटे में डूबे बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ गई। इससे दुकानदारों ने भी राहत महसूस की।
शहजदापुर के कपड़ा व्यवसायी राजेंद्र कुमार व नाजिम ने कहा कि यदि इसी तरह आगे भी धूप निकलती रहे तो जल्द ही मौसम सामान्य हो जाएगा। खराब मौसम ने व्यवसाय पर प्रतिकूल प्रभाव डाला है। जिला अस्पताल में मरीज व तीमारदार भी धूप का आनंद लेते दिखे। हालांकि इन सबके बीच गलन में कोई कमी नहीं हुई। दरअसल सर्द हवा चलने से धूप में तपिश नहीं थी।
किसानों के खिले चेहरे
सोमवार को धूप निकलने से दलहनी व तिलहनी फसलों को लेकर चिंतित किसानों के चेहरे से चिंता की लकीरें कम हो गईं। अकबरपुर के प्रदीप वर्मा व गोकरन ने कहा कि धूप निकलने से गेहूं की सिंचाई शुरू कर दी गई। यदि ऐसा ही मौसम रहा तो इससे गेहूं की फसल को लाभ मिलेगा। भीटी के सीताराम व महरुआ के रामफेर ने कहा कि धूप निकलने से आलू की फसल पर पाला पड़ने की आशंका दूर हो गई। इसके अलावा सरसों, अरहर, मटर की फसल को भी नुकसान होने से बचत होगी। हालांकि यह चिंता भी जाहिर करते हुए कहा कि यदि बारिश हुई तो फसलों को नुकसान हो सकता है।