अंबेडकरनगर। दिल्ली, लखनऊ, आजमगढ़ समेत कई अन्य जिलों व राज्य के लिए परिवहन निगम की बस से यात्रा करने वाले यात्रियों की मंगलवार से मुश्किलें बढ़ने जा रही हैं। अकबरपुर बस स्टेशन के बेड़े में मौजूदा समय में मौजूद 39 बसों में मंगलवार को सात और बसें चुनाव के लिए चली जाएंगी। ऐसे में एक तरफ जहां दिल्ली के लिए संचालित तीन बसों का संचालन बंद हो जाएगा तो वहीं लखनऊ व आजमगढ़ के लिए भी चार बस की कटौती होगी।
परिवहन निगम की बस के चुनाव में जाने का सिलसिला लगातार जारी है। मंगलवार को सात और बसें चुनाव में शामिल होने के लिए जिले से चली जाएंगी। मालूम हो कि अकबरपुर बस स्टेशन के बेड़े में कुल 65 बसें शामिल हैं। इनमें से एक-एक कर कुल 26 बसें चुनाव में जा चुकी हैं। मौजूदा समय में 39 बस बेड़े में मौजूद थीं लेकिन सात और बसों के चले जाने से अब मात्र 32 बस ही शेष रह जाएंगी।
एआरएम कार्यालय के अनुसार जो सात बसें चुनाव के लिए जाएंगी उसमें से तीन बस दिल्ली तो चार बस लखनऊ व आजमगढ़ के लिए संचालित थीं। अब संबंधित बस के चले जाने से न सिर्फ दिल्ली के लिए बस का संचालन मंगलवार से बंद हो जाएगा बल्कि लखनऊ व आजमगढ़ के लिए संचालित बसों में चार बस की कटौती होगी।
लखनऊ आजमगढ़ के लिए कुल 26 बसों का संचालन हो रहा था। मंगलवार से 22 बस का संचालन होगा। बसों के चुनाव में चले जाने से कानपुर के लिए मौजूदा समय में मात्र दो बस का ही संचालन हो रहा है जबकि पूर्व में दस बस संचालित थीं। इसी प्रकार से वाराणसी के लिए भी एक बस का संचालन था लेकिन मौजूदा समय में नहीं हो रहा है। इससे दिल्ली, कानपुर, वाराणसी समेत अन्य प्रमुख शहरों व राज्यों के लिए यात्रा करने वाले यात्रियों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं।
उधर एआरएम सीवीराम ने बताया कि बसों के चुनाव में चले जाने से यात्रियों को गंतव्य तक जाने के लिए कुछ समस्या जरूर हो रही है। यात्रियों के हित को देखते हुए बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं।