रोजगार मेलेे का हाल: साक्षात्कार के लिए पहुंचे 160 युवक व युवतियां, 88 युवाओं को मिला रोजगार
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। दावा था रोजगार मेले में सात कंपनियों के आने का, पहुंचीं सिर्फ चार। इससे रोजगार के लिए पहुंचे युवाओं में निराशा देखने को मिली। हालांकि बाद में 88 बेरोजगारों को अलग अलग कंपनियों ने साक्षात्कार के बाद रोजगार उपलब्ध कराने का पत्र सौंप दिया। इससे उनमें खुशी देखने को मिली।
रविवार को सेवायोजन विभाग की तरफ से आयोजित रोजगार मेले में कुल सात कंपनी ब्राइट फ्यूचर आर्गेनिक हर्बल्स एंड आयुर्वेदिक प्राइवेट लिमिटेड, बजाज ऑटो मोबाइल्स एंड मेन पावर सर्विस, गौरीशंकर सेवा संस्था, टोरेंस हर्बल्स ए ग्रुप ऑफ कंपनी, ऊषा इलेक्ट्रानिक पावर सर्विस, हीरो स्पेयर पार्ट लिमिटेड व पार्थ थ्रेड प्राइवेट लिमिटेड ने शामिल होने की मंजूरी दी थी।
हालांकि गौरीशंकर सेवा संस्था, ऊषा इलेक्ट्रानिक मेन पावर सर्विस व टोरेंस हर्बल्स ए ग्रुप ऑफ कंपनी मेले में नहीं पहुंचीं। अन्य चार कंपनियों ने युवाओं का अलग-अलग पद के लिए साक्षात्कार लिया। इससे यहां पहुंचे युवा निराश दिखे। नाम न छापने की शर्त पर कई युवाओं ने कहा कि ऐसी कंपनियों पर कार्रवाई होना चाहिए, जो वायदा करने के बाद भी कार्यक्रम में न पहुंचे। ज्यादा कंपनियों के न पहुंचने से बेरोजगारों की उम्मीद टूटती है।
उधर आयोजन में पहुंची बजाज कंपनी में 30 युवाओं ने साक्षात्कार दिया जिसमें से 10, ब्राइट फ्यूचर में 56 में से 43 पार्थ थ्रेड में 40 में से 18 तथा हीरो स्पेयर में 34 में से 17 युवा चयनित होने में सफल रहे। सेवायोजन कार्यालय के वरिष्ठ सहायक सीताराम चतुर्वेदी ने बताया कि इस वर्ष 1420 युवाओं को रोजगार दिलाने का लक्ष्य है। अब तक 989 युवाओं को रोजगार दिलाया जा चुका है।