अंबेडकरनगर। नकली बीज और कीटनाशकों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए शुक्रवार को डीएम के निर्देश पर जिले के सभी पांच तहसील क्षेत्रों में जांच अभियान चला गया। पड़ताल के दौरान टीमों ने मिलावट के संदेह में 12 दुकानों से बीज के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। इसके साथ ही विभिन्न खामियों के चलते पांच दुकानदारों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया।
यह जांच अभियान एसडीएम की अगुवाई में चलाया गया। नकली बीज व मिलावटी कीटनाशकों की बिक्री किए जाने की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए डीएम अविनाश सिंह ने जिले के सभी एसडीएम को टीमें बनाकर अपने-अपने क्षेत्र में बीच व कीटनाशक दुकानों की जांच करने का निर्देश दिया। इस क्रम में शुक्रवार को टीमों ने दो दर्जन से अधिक दुकानों पर पहुंचकर जांच की।
मिलावट के संदेह पर 12 दुकानों से बीज के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। जिला कृषि अधिकारी पीयूष राय ने बताया कि भीटी तहसील क्षेत्र के जनता कृषि सेवा केंद्र मिझौड़ा, वर्मा बीज भंडार भीटी व श्रीराम उरर्वक भंडार अढ़नपुर से एक-एक नमूना लिया गया। अकबरपुर के न्यू पूर्वांचल कृषि विकास एजेंसी से दो, आलापुर के पटेल बीज भंडार रामनगर, अंकुर बीज भंडार रामनगर, आरके मौर्या ट्रेडर्स रामनगर, जय बीज भंडार हुसेनपुर और विपुल सीड कंपनी जहांगीरगंज से एक-एक नमूने लिया गया।
जलालपुर तहसील क्षेेत्र के एग्री वन शॉप नेवादा से एक और टांडा तहसील क्षेत्र के शिवम बीज भंडार बसखारी से भी एक नमूना लिया गया। इसके अलावा जिला कृषि अधिकारी की ओर से अकबरपुर कृषि रक्षा इकाई से किसानों को कीटनाशक का वितरण किया गया।