अंबेडकरनगर कलेक्ट्रेट में डीएम को ज्ञापन सौंपते माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। वेतन भुगतान समेत विभिन्न मांगों को लेकर माध्यमिक शिक्षक संघ केे तत्वावधान में शिक्षक व शिक्षणेतर कर्मचारी डीआईओएस कार्यालय परिसर में शुक्रवार को भी धरने पर डटे रहे। खराब मौसम के बाद भी धरने पर डटे शिक्षकों ने कहा कि दो माह से वेतन नहीं मिल सका है। पुरानी पेंशन बहाली को लेकर भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक उनकी मांगों का निस्तारण नहीं होगा, धरना जारी रहेगा।
गौरतलब है कि मांगों को लेकर गुरुवार से माध्यमिक शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षक व शिक्षणेतर कर्मचारियों ने डीआईओएस कार्यालय परिसर में दोपहर दो से शाम पांच बजे तक अनिश्चितकालीन धरना प्रारंभ किया था। शुक्रवार को भी धरना जारी रहा।
धरने की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष प्रमोद वर्मा ने कहा कि कॉलेज प्रबंधक, प्रधानाचार्य व जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते मई व जून का वेतन नहीं मिल सका है। जुलाई माह भी समाप्त होने वाला है। अब तक भुगतान को लेकर किसी भी प्रकार की प्रक्रिया प्रारंभ नहीं हो सका है। इससे शिक्षक व शिक्षणेतर कर्मचारियों के समक्ष विभिन्न आर्थिक मुश्किलेें खड़ी हो रही हैं। घर का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। इसे लेकर जब भी धरना-प्रदर्शन व शिकायत दर्ज कराई गई, हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला।
अरविंद कुमार, श्रवणकुमार, रामबली, रवींद्र कुमार, हरिप्रकाश व राजीव आदि ने कहा कि शिक्षक व शिक्षणेतर कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी के साथ कर रहे हैं लेकिन इसके बाद भी उपेक्षा की जा रही है। कहा कि पुरानी पेंशन बहाली की मांग को भी नजरअंदाज किया जा रहा है। वक्ताओं ने कहा कि मांगों को पूरा किए जाने तक धरना जारी रहेगा।