जलालपुर (अंबेडकरनगर)। विद्यालय में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले एक कर्मचारी को निलंबित कर दिया गया है।
बीते दिनों गाजीपुर जनपद के मेहरौर निवासी आतिश कुमार राय ने मालीपुर पुलिस को तहरीर देकर केस दर्ज कराया था। पत्र में दर्शाया था कि जनता उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय सुरहुुरपुर के परिचारक अनुपम ने स्वयं को विद्यालय का प्रबंधक बताकर वर्ष 2018 में उसे लिपिक के पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद उससे तथा उसके पिता से अलग-अलग बार में कुल दस लाख रुपये ले लिए। काफी समय बाद उसे फर्जी नियुक्ति पत्र दिया गया। इसके चलते विद्यालय में उसे नहीं रखा गया।
बाद में उसने अपने पैसे की मांग की। इस पर आरोपी ने दो अलग-अलग बार में 45 व 50 हजार रुपये ही लौटाए। शेष पैसा नहीं दिया गया। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन कर रही है। उधर विद्यालय प्रबंधन ने कर्मचारी को कई बार पत्र भेजते हुए इस मामले में स्पष्ट आख्या चाही, लेकिन उसके द्वारा किसी भी पत्र का कोई जवाब नहीं दिया गया। इस बीच गुरुवार को प्रधानाचार्य ने कर्मचारी के रवैये को अनुशासनहीनता करार देते हुए उसे निलंबित कर दिया।