टांडा में लगातार बढ़ रहा सरयू का जलस्तर।
अंबेडकरनगर। सरयू नदी में पानी 24 घंटे के दौरान 67 सेंटीमीटर बढ़ गया। जलस्तर बढ़ने की रफ्तार को देखते हुए माना जा रहा है कि अगले 24 घंटे में सरयू का पानी खतरे के निशान को पार कर जाएगी। इसके साथ माझा क्षेत्र के लोगों की चिंता बढ़ने लगी है। दो दर्जन गांवों में कटान का खतरा मंडरा रहा है।
टांडा क्षेत्र के महरीपुर में खतरे के निशान से सरयू का जलस्तर शुक्रवार को 98 सेंमी नीचे दर्ज किया गया। लेकिन जिस गति से नदी में पानी बढ़ रहा है, उससे टांडा व आलापुर तहसील के माझा क्षेत्रों के लोग डरे हुए हैं। खतरे के निशान तक पानी पहुंचते ही सरयू का पानी कई मजराें में पहुंचने लगता है। इससे टांडा के केवटला, माझा उल्टहवा, माझा चिंतौरा, नसरुल्लाहपुर, माझा कला, नैपुरा, डुहिया आदि गांवों के लोगों की चिंता बढ़ने लगी है।
आलापुर के माझा कम्हरिया, आराजी देवारा ग्राम पंचायत के करीब दो दर्जन मजरों के बाढ़ की जद में आने का डर सता रहा है। कल्लू का पूरा निवासी धनपत व लालबिहारी का कहना है कि प्रशासन हर बार दावे करता है लेकिन पानी जब घरों तक पहुंच जाता है तो सरकारी सुविधाएं उन लोगों तक पहुंचना मुश्किल हो जाती हैं।