अंंबेडकरनगर। अकबरपुर स्टेशन से होकर गुजरने वाली छह प्रमुख ट्रेनों का रूट बदल दिया गया। इससे रविवार को सैकड़ों रेल यात्री परेशान हुए। अकबरपुर स्टेशन पहुंचने पर रूट डायवर्जन की जानकारी हुई तो बहुत से लोगों ने अपनी यात्रा रद कर दी। ऐसे लोगों को आरक्षित टिकट रद कराने के लिए भी परेशानी उठानी पड़ी। जरूरी काम से जाने वालों ने मजबूरी में दूसरे साधनों का सहारा लिया।
मालूम हो कि जफराबाद से अकबरपुर होते हुए बाराबंकी तक रेल लाइन दोहरीकरण का काम चल रहा है। इन दिनों अयोध्या जनपद के रुदौली में दोहरीकरण कार्य कराया जा रहा है। इसके चलते अकबरपुर रेलवे स्टेशन से होकर गुजरने वाली छह प्रमुख ट्रेनों का रूट डॉयवर्जन 24 जून से 28 जून तक बदल दिया गया है। इसमें अप और डाउन दून एक्सप्रेस, सियालदह अप एक्सप्रेस, किसान एक्सप्रेस अप व डाउन और गोहाटी-ओखा अप एक्सप्रेस शामिल हैं।
इन सभी ट्रेनों को 28 जून तक वाराणसी से प्रतापगढ़, लखनऊ होते हुए डॉयवर्ट किया गया है। इन ट्रेनों से जिले के सैकड़ों लोग प्रतिदिन यात्री करते हैं। कई प्रमुख की यात्री के लिए लोगों के पास ये ट्रेनें ही आसान साधन हैं। ट्रेनों का रूट बदलने से सैकड़ों लोगों को परेशानी हो रही है। ऐसे में लंबी दूरी की यात्रियों ने अपना कार्यक्रम रद कर दिया।
सूचना नहीं मिलने से हुई परेशानी
टांडा निवासी संतोष लुधियाना जाने के लिए रविवार को अकबरपुर स्टेशन पहुंचे थे। उन्हें पता चला कि किसान एक्सप्रेस का रूट बदल गया है। संतोष ने कहा कि उन्हें समय पर सूचना नहीं मिली। यह भी बताया नहीं जा रहा है कि ट्रेन कहां से होकर जाएगी। ऐसे में यात्रा को रद करना पड़ रहा है। रविवार का अवकाश होने के चलते आरक्षित टिकट भी वापस नहीं हो सका।
कई ट्रेन बदलकर पहुंचेंगे हावड़ा
मीरपुर मंशा निवासी सुरेंद्र को हावड़ा जाना था। अकबरपुर स्टेशन पहुंचने पर सुरेंद्र को पता चला कि दून एक्सप्रेस का रूट डॉयवर्ट है। बताया कि पहले से कोई जानकारी नहीं दी गई। जाना भी जरूरी है। ऐसे में दूसरी ट्रेन का सहारा लेने को मजबूर होना पड़ रहा है। सीधे हावड़ा जाने वाली कोई ट्रेन भी नहीं है। दो-तीन स्थान पर ट्रेन बदलकर जाना पड़ेगा। आर्थिक चपत लगने के साथ समय की भी बर्बादी होगी।
रुदौली में चल रहे रेलवे लाइन दोहरीकरण कार्य के चलते छह ट्रेन का रूट बदला गया है। इससे यात्रियों को कुछ समस्या हो रही है। 28 जून तक रूट बदला रहेगा।
विनोद कुमार, स्टेशन अधीक्षक, अकबरपुर