अंबेडकरनगर। रेल यात्रियों की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ने वाली हैं। अकबरपुर स्टेशन पर रुकने वाली लगभग एक दर्जन ट्रेनों का रूट 10 अप्रैल तक बदल दिया गया है। डायवर्जन की यह व्यवस्था पहली अप्रैल से लागू होगी।
रूट डायवर्जन अकबरपुर-लखनऊ रेलखंड पर सोहावल व रुदौली क्षेत्र में ट्रैक के दोहरीकरण के चलते किया गया है। इस बीच दूरदराज के क्षेत्रों तक जाने वाले यात्रियों ने कहा कि एक साथ बड़ी संख्या में ट्रेन का रूट डायवर्जन नहीं होना चाहिए।
जफराबाद से बाराबंकी तक रेल ट्रैक के दोहरीकरण के चलते आए दिन ट्रेनों का रूट डायवर्जन कर दिया जाता है। इसका खामियाजा रेल यात्रियों को भुगतना पड़ता है। बीते दिनों ही शाहगंज से जौनपुर तक दोहरीकरण कार्य के चलते 19 मार्च से 26 मार्च तक अकबरपुर से होकर गुजरने वाली ज्यादातर ट्रेनों का रूट डायवर्जन कर दिया गया था।
27 मार्च से जब ट्रेनों का संचालन प्रारंभ हुआ तो यात्रियों ने राहत की सांस ली। उम्मीद जताई गई कि अब ऐसा नहीं होगा। कुछ दिनों तक सुचारु रूप से ट्रेनों का संचालन होगा। हालांकि ऐसा हुआ नहीं। अब एक बार फिर से रूट डायवर्जन हुआ है।
दरअसल पहली अप्रैल से सोहावल व रुदौली क्षेत्र में रेल ट्रैक के दोहरीकरण का काम होगा। इसके चलते अकबरपुर स्टेशन पर रुकने वाली लगभग एक दर्जन ट्रेनें पहली अप्रैल से 10 अप्रैल तक बदले रूट से चलेंगी। ऐसे में इस दौरान रेल यात्रियों की मुश्किलें एक बार फिर से बढ़ने वाली हैं।
अकबरपुर रेलवे स्टेशन कार्यालय के अनुसार दून एक्सप्रेस अप और डाउन, गंगा-सतलज अप और डाउन, ओखा-गोहाटी अप और डाउन, जम्मूतवी अप, कोटा-पटना अप, फरक्का डाउन, अमृतसर एक्सप्रेस अप, सरयू-यमुना एक्सप्रेस डाउन, अमृतसर एनटीएसके एक्सप्रेस डाउन का रूट 10 अप्रैल तक परिवर्तित रहेगा। इनके अलावा 14 ऐसी एक्सप्रेस ट्रेनें हैं जो अकबरपुर से होकर गुजरती तो हैं लेकिन रुकती नहीं हैं, उनका भी रूट डायवर्जन रहेगा।
सोहावल व रुदौली रेलखंड पर काम होने के चलते इस मार्ग पर चलने वाली कुल 25 ट्रेनों का रूट बदला गया है। ये ट्रेनें वाराणसी, प्रतापगढ़ व लखनऊ से होकर चलेंगी।
-जयप्रकाश, स्टेशन अधीक्षक, अकबरपुर