अंबेडकरनगर। अकबरपुर रेलवे स्टेशन से होकर गुजरने वाली 10 ट्रेनों का बृहस्पतिवार को रूट बदल दिया गया। इन ट्रेनों के अकबरपुर स्टेशन नहीं पहुंचने से यात्रियों को काफी परेशानी हुई। इसके अलावा तीन ट्रेनें निर्धारित समय से घंटों विलंब से पहुंची।
अकबरपुर स्टेशन से होकर दो दर्जन ट्रेनों का संचालन किया जाता है। इन ट्रेनों के रूट में अलग-अलग कारणों से लगातार परिवर्तन किया जा रहा है। इसके चलते यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को साबरमती डाउन, इंटरसिटी डाउन, दून डाउन, अमृतसर अप, जम्मूतवी अप, अमृतसर अप, दून अप, फरक्का अप, साबरमती अप और इंटरसिटी अप को बदले रूट से संचालित किया गया।
ट्रेनों के डायवर्जन के साथ ही सियालदह डाउन दो घंटे, किसान डाउन दो घंटे और किसान अप एक्सप्रेस बृहस्पतिवार को निर्धारित समय से करीब डेढ़ घंटे विलंब से अकबरपुर स्टेशन पहुंची। स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि दूसरे रूट से संचालित ट्रेनों का टिकट वापस करने पर किसी तरह की कटौती नहीं की गई। यात्रियों को टिकट का पूरा पैसा वापस किया जा रहा है।