महरुआ (अंबेडकरनगर)। भीटी ब्लाॅक क्षेत्र के रामबाबा से मिझौड़ा जाने वाला मार्ग जलाशय में तब्दील होने से सैकड़ों लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। जल निकासी के लिए सड़क पर बनी पुलिया को कुछ लोगों ने बंद कर दिया है। इससे बारिश में रोड लबालब हो जाती है।
रामबाबा से मिझौड़ा जाने वाले मार्ग पर रामबाबा इंटर कॉलेज के साथ कई स्कूल हैं। इसी मार्ग से लोग क्षेत्र के अस्पताल पहुंचते हैं। कुछ दिनों से हो रही बारिश के चलते सड़क जलाशय में तब्दील हो गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार जल निकासी के लिए सड़क पर एक पुलिया बनी है। उसे कुछ लोगों ने बंद कर दिया जिससे पानी सड़क पर भरने से लोगों का आवागमन मुश्किल हो रहा है। क्षेत्र के रामबरन, कालिका प्रसाद, मनोहर व हरिनारायण ने बताया कि सड़क पर पानी भरने से प्रतिदिन सैकड़ों लोग परेशान हो रहे हैं। बीते दिनों एसडीएम से शिकायत करने पर भी समस्या का समाधान नहीं हुआ।