अंबेडकरनगर। जल निगम की मनमानी के चलते बीते दिनों ही बनकर तैयार करोड़ों की लागत वाली फोरलेन सड़क रोज टूट रही है। दरअसल शहजादपुर में अमृत योजना के तहत पेयजल के लिए डाली गई पाइप आए दिन लीक होती रहती है। इसके चलते न सिर्फ जलापूर्ति बाधित हो जाती है बल्कि नगर पालिका को सड़क तोड़कर पाइप लाइन दुरुस्त करना पड़ता है। इससे आए दिन मुश्किलें उत्पन्न हो रही हैं।
अमृत योजना के तहत सुचारु पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जल निगम द्वारा डाली गई पाइप लाइन मुसीबत का सबब बन गई है। जल निगम ने सड़क के बीचोबीच मुख्य पाइप लाइन डाल रखी है। इसी पाइप से सड़क के दोनों तरफ के दुकानदारों व घरों को कनेक्शन दिया गया है। जगह-जगह जोड़ होने के चलते पाइप लाइन अक्सर टूटती रहती है।
इससे नगर पालिका कर्मचारियों को फोरलेन मार्ग को तोड़कर पाइप लाइन दुरुस्त करनी पड़ती है। दो किलोमीटर लंबी यह पाइप लाइन आए दिन कहीं न कहीं क्षतिग्रस्त होती रहती है। सबसे ज्यादा दिक्कत नई सड़क स्थित चूना भट्ठी पुलिया के पास है। 15 दिन पहले यहां सड़क तोड़कर पाइप लाइन ठीक की गई थी। यहां पर इससे पहले भी दो बार पाइप लाइन में लीकेज होने पर सड़क तोड़नी पड़ी थी।
कुछ दिनों पहले यहां से 200 मीटर आगे शहजादपुर सब्जी मंडी की तरफ जाने वाले मार्ग के पास पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे सड़क के किनारे व दुकानों के सामने पानी बहता रहा जिससे दुकानदारों व आम नागरिकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। शिकायत के बाद नगर पालिका ने दो दिन बाद गुरुवार रात सड़क को तोड़कर गड़बड़ी ठीक की।
पाइप लाइन में आए दिन उत्पन्न हो रही गड़बड़ी से आम नागरिकों में रोष है। स्थानीय पप्पू गुप्त, रवींद्र कुमार व इंद्रजीत आदि ने नाराजगी जताते हुए कहा कि आए दिन पाइप लाइन में लीकेज से काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। न सिर्फ जलापूर्ति बाधित हो जाती है बल्कि घर व दुकान के सामने जलभराव भी हो जाता है। पाइप की मरम्मत के लिए सड़क तोड़ने से आवागमन भी प्रभावित हो जाता है।
बार-बार पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो जाने की समस्या का स्थाई समाधान किए जाने पर विचार किया जा रहा है। मार्ग के बीच डाली गई पाइप लाइन से उपभोक्ताओं को कनेक्शन न देकर अलग से सड़क के दोनों किनारे पाइप लाइन डालने की कार्ययोजना बनाई जा रही है।
-बीना सिंह, अधिशाषी अधिकारी, अकबरपुर