अंबेडकरनगर। अकबरपुर-बनगांव मार्ग पर कचना गांव के पास शुक्रवार देरशाम स्कूल बस की चपेट में आने से दूरसंचार विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी की मौत हो गई। उन्होंने हेलमेट नहीं लगाया था। बाइक चला रहा उनका पुत्र भी घायल हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र अकबरपुर के गौहन्ना निवासी रामउजागिर राजभर (58) शुक्रवार देरशाम पुत्र नंद कुमार के साथ बाइक से मरथुआ सरैया स्थित अपने दूसरे घर जा रहे थे। अकबरपुर-बनगांव मार्ग पर कचना गांव के पास एक स्कूल बस ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी।
इससे बाइक पर पीछे बैठे रामउजागिर गंभीर रूप से घायल हो गए जिनकी बाद में मौत हो गई। बाइक चला रहा पुत्र भी घायल हो गया। उसे अस्पताल पहुंचाया गया। रामउजागिर बिना हेलमेट लगाए बाइक पर पीछे बैठे थे।
पुलिस टीम ने बाद में शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दिवंगत के बड़े पुत्र रामचंदर ने अकबरपुर कोतवाली में तहरीर देकर स्कूल बस के विरुद्ध केस दर्ज कराए जाने की मांग की है। प्रभारी कोतवाल विवेक वर्मा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है।