शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, केस
बसखारी (अंबेडकरनगर)। हंसवर थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ शादी का झांसा देकर लगभग 8 माह से दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। युवती के प्रार्थना पत्र पर आरोपी के विरुद्ध हंसवर पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में मुकदमा पंजीकृत कर लिया। कुशीनगर जनपद निवासिनी एक युवती पंजाब प्रांत के लुधियाना में एक कंपनी में काम करती थी। युवती के साथ रोहन राजभर निवासी हंसवर भी उसी कंपनी में काम कर रहा था। वहां दोनों की मुलाकात हुई। रोहन युवती को शादी करने का झांसा देकर अपने साथ एक कमरे में लेकर रहने लगा। रोहन लगातार युवती के साथ दुष्कर्म करता रहा। कुछ दिन पूर्व ही रोहन युवती को अपने साथ लेकर अपने पैतृक घर हंसवर आया। पति-पत्नी की तरह रहने लगे। इस दौरान युवती गर्भवती हो गयी। आरोप है कि गर्भवती होने के बाद रोहन तथा उसके माता-पिता युवती को घर छोड़ने के लिए तरह-तरह की यातनाएं देने लगे। इसके बाद रोहन तथा उसके घर वालों ने युवती को घर से निकाल दिया। युवती ने थाने पर पहुंचकर आरोपी रोहन के खिलाफ नामजद प्रार्थना पत्र दिया। थानाध्यक्ष अभय कुमार ने बताया कि युवती के प्रार्थना पत्र पर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। युवती को मेडिकल के लिए भेजा गया है। आरोपी के गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। (संवाद)