अंबेडकरनगर। दुष्कर्म के बाद युवती के गर्भवती हो जाने तथा समय से पहले प्रसव के चलते नवजात की मौत हो जाने का मामला सामने आया है। इससे युवती की हालत बिगड़ गई है। परिजनों ने आरोपी के विरुद्ध केस दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर देने के साथ ही पीड़िता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
अकबरपुर कोतवाली में दी तहरीर में पीड़िता के पिता ने बताया कि एक युवक अक्सर उसके घर आता जाता था। इसी दौरान शादी का झांसा देकर उसने पुत्री के साथ संबंध स्थापित कर लिया। इससे जब उसकी पुत्री गर्भवती हो गई तो आरोपी ने चुपके से पुत्री को एक निजी अस्पताल में ले जाकर भर्ती करा दिया। चार मार्च को की गई खोजबीन में पता चला कि पुत्री निजी अस्पताल में भर्ती है।
तहरीर में कहा गया कि जब वे सब अस्पताल पहुंचे तो वहां आरोपी ने गाली गलौज करने के साथ ही कई तरह की धमकी दी और भाग गया। इसके बाद वे सब पीड़िता को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां उसे गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है।
पिता ने तहरीर में जबरन गर्भपात कराने का जिक्र करते हुए आरोपी पर केस दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि गर्भपात नहीं हुआ है। आठ माह के गर्भ के बाद प्रसव हुआ था। इसमें नवजात की मौत हो गई है। जांच कर नियमानुसार कार्रवाई होगी।