अंबेडकरनगर। पवित्र रमजान माह के दूसरे शुक्रवार को जिले भर की मस्जिदों में लोगों ने खास नमाज अदा की। इस दौरान उलमा ने लोगों से अपील की कि यह माह अल्लाह का है। इसमें अधिक से अधिक इबादत करें। जुमे की नमाज को सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। प्रमुख मस्जिदों के ईदगिर्द पुलिसकर्मियों की तैनाती रही।
अकबरपुर नगर के मीरानपुर स्थित शिया जामा मस्जिद में शुक्रवार की खास नमाज अदा करने से पहले मौलाना अकबर अली वायज ने कहा कि यह महीना अल्लाह की खास इबादत का है। इसमें अल्लाह अपने बंदों के लिए रहमतों का दरवाजा खोल देता है। अल्लाह पूरे महीने अपने बंदों की मेजबानी करता है। ऐसे में मस्जिद में जाते समय पूरा एहतराम करें। अल्लाह की इबादत करें। अपने गुनाहों की माफी मागें।
सुन्नी जामा मस्जिद शहजादपुर में हाफिज शकील अख्तर ने अधिक से अधिक इबादत पर जोर देते हुए कहा कि यह पवित्र महीना रहमतों का है। सभी बालिग पर रोजा वाजिब है। इस माह कोई ऐसा काम न करें जिससे किसी को ठेस पहुंचे। जो लोग किसी कारणवश रोजा नहीं रख नहीं सकते, उन्हें चाहिए कि वे सार्वजनिक स्थानों पर खानपान करने से परहेज करें।
इसी तरह टांडा, जलालपुर, भीटी, आलापुर, हजपुरा, कजपुरा, मछलीगांव, लोरपुर, खासपुर, दहियावर, सिझौली समेत अन्य क्षेत्रों में शुक्रवार की खास नमाज शांतिपूर्ण ढंग से अदा हुई।
ईद की तैयारियां शुरू हो गई हैं। बाजारों में लोगों के पहुंचने का सिलसिला तेज हो गया है। त्योहार को लेकर सबसे अधिक उत्साह बच्चों व युवाओं में है। वे मनपसंद कपड़ों की खरीदारी करने लगे हैं। रेडीमेड कपड़ों के अलावा कुर्ता, कुर्ती, शृंगार के अलावा त्योहार से संबंधित अन्य सामान की खरीदारी लोगों ने शुरू कर दी है। दुकानदारों का कहना है कि बाजार में महंगाई का कोई असर नहीं है।