जलालपुर (अंबेडकरनगर)। दो दिवसीय क्षेत्रीय शरदकालीन एथलेटिक्स एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का शुभारंभ मंगलवार को जनता इंटर कॉलेज नेवादा में हुआ। दो दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में भियांव ब्लॉक के कुल 40 विद्यालयों के छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर रहे हैं। 1500 मीटर की दौड़ में बालक वर्ग में रामविशाल तो बालिका वर्ग में अंजलि ने बाजी मारी।
जनता इंटर कॉलेज के प्रबंधक प्रतिनिधि अतुल कुमार सिंह ने प्रतियोगिता का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीपार्चन व पुष्पार्चन कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने की सलाह दी। कहा कि खेल के क्षेत्र में युवाओं का शानदार भविष्य है। ऐसे में छात्र-छात्राओं को खेल को अपने कॅरियर के रूप में अपनाना चाहिए।
पहले दिन 1500 मीटर की दौड़ प्रतियोगिता में जनता इंटर कॉलेज के रामविशाल प्रथम, शंकरजी इंटर कॉलेज के विकास द्वितीय व जनता इंटर कॉलेज के अंकित यादव तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में जनता इंटर कॉलेज की अंजलि प्रथम, शारदा इंटर कॉलेज की साक्षी मौर्या द्वितीय स्थान पर रहीं।
इसके अलावा ऊंची कूद, लंबी कूद, गोला फेंक व विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। इसमें भी छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। संचालन सुधांशु सिंह एवं क्रीड़ा अध्यक्ष विजय पाल गौड़ ने किया। इस मौके पर राजेश कुमार सिंह, इंद्रजीत यादव, कैलाश निषाद, हरिकेश सिंह, जितेंद्र कुमार, इंद्रजीत कुमार, नरेश कुमार, हरिओम दुबे व राकेश कुमार आदि मौजूद रहे।