अंबेडकरनगर। मौसम में आए अचानक बदलाव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। अकबरपुर नगर समेत कई क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई तो टांडा, बसखारी व इल्तिफातगंज आदि क्षेत्रों में काफी देर तक ओले पड़े। बदले मौसम से जहां भीषण गर्मी से लोगों काे कुछ राहत मिली, वहीं सब्जी किसानों की चिंता बढ़ गई। आम की फसल पर भी प्रतिकूल असर पड़ा है।
रविवार की देर शाम तेज हवा के साथ हुई बारिश के बाद मंगलवार को भी अचानक मौसम में परिवर्तन दिखा। अकबरपुर नगर समेत कई अन्य क्षेत्रों में पहले तेज हवा चली इसके बाद बारिश का दौर शुरू हो गया। इससे क्षेत्र के लोगों को मुश्किलें उठानी पड़ीं। तेज हवा व बारिश के बीच टांडा नगर व आसपास के क्षेत्र में ओले गिरने लगे।
काफी देर तक ओले गिरने का सिलसिला जारी रहा। लोगों के साथ जानवर भी ओले की मार से बचने के लिए दौड़ते-भागते नजर आए। टांडा के अलावा इल्तिफातगंज, बसखारी व जलालपुर के कई क्षेत्रों में भी बारिश के साथ ओले पड़े। इस बीच हवा, बारिश व ओले गिरने से सब्जी और आम की फसल को तगड़ी चपत लगने की आशंका है। विशेषज्ञाें का कहना है कि अगर इसी प्रकार का सिलसिला आगे भी चला तो आम की फसल बर्बाद हो सकती है।
ओले देख बच्चे उत्साहित
टांडा नगर में ओले पड़ते देख बच्चे उत्साहित नजर आए। दरअसल नगर में काफी देर तक ओलों की बरसात हुई। इससे कई जगह सड़क, आंगन व छत आदि सफेद ओलों से पट गए। यह दृश्य देख बच्चों में उत्सुकता देखने को मिली। कई घरों के बच्चे ओले बटोरते दिखे। परिवार के सदस्यों ने ऐसी कुछ फोटो सोशल मीडिया पर भी शेयर की।