अंबेडकरनगर। निकायों में शपथ ग्रहण को लेकर की गई भव्य तैयारियों पर शुक्रवार को हुई बारिश ने काफी हद तक पानी फेर दिया। हालांकि नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों व उनके समर्थकों के उत्साह पर कोई असर नहीं पड़ा। फूल मालाओं की धूम के साथ ही बड़े पैमाने पर मिष्ठान वितरण का दौर चला।
अकबरपुर नगर में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां शहजादपुर स्थित मयूर रिसाॅर्ट के खुले मैदान में की गई थीं। भव्य ढंग से मंच व पंडाल तैयार किया गया था। कई चरणों में हुई तेज बारिश के चलते कार्यक्रम रिसाॅर्ट के एक हाॅल में करना पड़ा। यहां भी पूरे उत्साह के साथ शपथ ग्रहण हुआ। टांडा में भी खुले मैदान में की गई तैयारियों को बारिश ने प्रभावित कर दिया। इससे अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हुई। हालांकि समय रहते उसे संभाल लिया गया। इल्तिफातगंज, जहांगीरगंज के शपथ ग्रहण में भी बारिश ने खलल डाला। लेकिन समारोह से जुड़े लोगों के उत्साह पर कोई फर्क नहीं पड़ा। जहांगीरगंज में आयोजन शुरू होने से ठीक पहले हुई बारिश में भगदड़ की स्थिति उत्पन्न कर दी। बाद में नवनिर्मित पंचायत भवन के हाल में शपथ ग्रहण कराया गया।