अंबेडकरनगर। जिले की तीन नगर पालिका परिषद व चार नगर पंचायत के 139 वार्डों के आरक्षण को शासन से हरी झंडी मिलने का इंतजार है। स्थानीय प्रशासन के स्तर पर तैयार वार्डों के आरक्षण की प्रस्तावित सूची शासन के अनुमोदन को भेजी गयी है। अनुमोदन बाद आरक्षण से वार्ड सीटों में होने वाली उलटफेर की आशंका को लेकर चुनाव में हिस्सेदारी से जुड़े लोगों की धुकधुकी भी तेज हो गयी है।
जिले में तीन नगर पालिका परिषद व चार नगर पंचायतों में निकाय चुनाव होने हैं। नगर पालिका परिषद अकबरपुर, टांडा व जलालपुर में 25-25 और नगर पंचायत इल्तिफातगंज में 15, अशरफपुर किछौछा में 17, जहांगीरगंज में 17 व राजेसुल्तानपुर में 15 वार्ड हैं। जिला प्रशासन के स्तर पर वार्डों की प्रस्तावित आरक्षण सूची को तैयार कर शासन के पास अनुमोदन के लिए भेजने का कार्य किया जा चुका है।
वार्ड आरक्षण की सूची से सीटों में होने वाले बदलाव की आशंका को लेकर चुनाव तैयारियों में जुटे लोगों में ऊहापोह कायम बना है। इसके साथ ही निकाय से जुड़े अध्यक्ष के सात पदों के आरक्षण का भी इंतजार किया जा रहा है। एडीएम अशोक कुमार कनौजिया ने बताया कि शासन को भेजी गई वार्ड आरक्षण की प्रस्तावित सूची अनुमोदन के बाद ही जारी कर सार्वजनिक की जाएगी।