श्रवणक्षेत्र (अंबेडकरनगर)। कटेहरी विकासखंड के चिउटीपारा गांव में बुधवार को ग्रामीण पर्यटन विभाग की बैठक हुई। मंडल समीक्षा अधिकारी सुशील श्रीवास्तव ने कहा कि सरकार ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा दे रही है। ग्रामीण प्रतिभागियों को गाइड के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इसके तहत हस्तशिल्प, स्थानीय व्यंजन और लोक संगीत के क्षेत्र में ग्रामीण अपने हुनर को पर्यटकों के सामने प्रदर्शित कर सकेंगे। कुल 43 ग्रामीणों का चयन किया गया। इसमें 10 गाइड, 20 शिल्पकार, 10 संगीतकार और तीन रसोइयों को प्रशिक्षण के लिए लखनऊ पर्यटन विभाग भेजा जाएगा। होम स्टे संचालकों और स्थानीय ग्रामीणों को पर्यटन संचालन, रखरखाव, पर्यटकों के साथ आदर्श व्यवहार और ठहरने की उत्तम व्यवस्थाओं के बारे में मार्गदर्शन दिया गया। इस दौरान प्रधान शकुंतला देवी, मनोज कुमार बिंद, महेंद्र गौड़, ज्योति, संतोष यादव, सुनील मिश्रा, प्रदीप यादव व अन्य मौजूद रहे।