अंबेडकरनगर। कोतवाली क्षेत्र अकबरपुर के अकबरपुर बिजली उपकेंद्र के निकट स्थित नाले में डूबकर बृहस्पतिवार सुबह एक युवक की मौत हो गई, वह निजी लाइनमैन था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया। उधर दो दिन पहले अरिया स्थित शारदा सहायक नहर में छलांग लगाने वाली महिला का शव बृहस्पतिवार सुबह गोताखोरों ने खोज निकाला।
बृहस्पतिवार सुबह कुछ लोग अकबरपुर बिजली उपकेंद्र के निकट स्थित नाले की तरफ गए तो वहां नाले में एक युवक शव पड़ा था। आसपास के लोगों के पहुंचने के बीच अकबरपुर कोतवाली पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। उसकी पहचान विनोद मौर्या (25) निवासी अहिराना मीरानपुर कोतवाली अकबरपुर के रूप में हुई। पुलिस ने बाद में शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार एक दिन पहले बुधवार सुबह विनोद ने घरवालों से विवाद किया था। सूचना पर डायल 112 भी वहां पहुंची थी। देर शाम वह घर से बाहर निकला, इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। घर वालों ने खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चला। इस बीच बृहस्पतिवार सुबह उसका शव नाले में पड़ा मिला। वह वहां कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में मौत हुई इसे लेकर छानबीन की जा रही है। परिजनों ने बताया कि वह निजी लाइनमैन था।
उधर दो दिन पहले अरिया बाजार स्थित शारदा सहायक नहर में छलांग लगाने वाली महिला का शव गोताखोरों ने शिबलीपुर हेड के निकट से खोज निकाला। मालूम हो कि मंगलवार को कोतवाली क्षेत्र अकबरपुर के लोदीपुर सुल्तानपुर निवासी शांति देवी (32) ने शारदा सहायक नहर में छलांग लगा दी थी। गोताखोर व एनडीआरएफ की टीम तलाश शुरू की थी लेकिन बुधवार को सफलता नहीं मिली थी। अंधेरा हो जाने के चलते तलाशी का काम रोक देना पड़ा था। इस बीच बृहस्पतिवार को एक बार फिर से तलाशी का काम शुरू किया गया। कुछ ही देर बाद उसका शव मिल गया। बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया है।