अंबेडकरनगर। आलापुर क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया है कि उनके गांव का सोनू गौड़ उनके घर आता-जाता था और किसी तरह उनका मोबाइल नंबर हासिल कर लिया। इसके बाद आरोपी उनके मोबाइल नंबर पर बार-बार फोन कर बात करने का दबाव बनाने लगा। आरोपी करीब एक साल से ऐसा कर रहा है। उन्होंने करीब 200 बार नंबर ब्लॉक किया, लेकिन आरोपी हर बार किसी नए तरीके से संपर्क करता रहा। जब वह मायके चली गईं, तो वहां भी वह आरोपी पहुंच गया और घर के आसपास चक्कर काटता रहा। ससुराल लौटने पर आरोपी से बात न करने पर पति और परिजनों को फोन करना शुरू कर दिया। जब महिला ने यह बात अपने पति को बताई, तो आरोपी ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी। घटना से आहत होकर पति मानसिक तनाव में आ गए और आत्महत्या की कोशिश करने लगे थे। थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।