विद्युतनगर (अंबेडकरनगर)। टांडा के जुड़वा कस्बे मुबारकपुर में श्रीराम विवाह महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। श्री राम विवाह सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित बैठक में आयोजन की रूपरेखा तय की गई। समिति अध्यक्ष संदीप कुमार मांझी ने बताया कि इस वर्ष 5 नवंबर (पूर्णिमा) के दिन पारंपरिक विधि-विधान के साथ मुकुट पूजा संपन्न कराई जाएगी। वहीं, पांच दिवसीय श्रीराम विवाह महोत्सव का शुभारंभ 20 नवंबर से होगा, जिसका समापन 24 नवंबर को होगा। आयोजन का मुख्य स्थल श्रीराम बाग, डुहिया मुबारकपुर रहेगा, जहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों और धार्मिक झांकियों के माध्यम से मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम और जनकनंदिनी सीता जी के पावन विवाह प्रसंग का जीवंत मंचन किया जाएगा। इस दौरान समिति प्रबंधक मनोज कुमार दुबे, संरक्षक पिंटू जायसवाल, अध्यक्ष संदीप कुमार मांझी व उपाध्यक्ष राहुल पाठक व अन्य उपस्थित रहे।