महरुआ (अंबेडकरनगर)। तहसील क्षेत्र के सिलावट गांव में लगा 25 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर शुक्रवार को अचानक जल गया। इससे करीब 300 आबादी की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली न आने से उपभोक्ताओं को कई मुश्किलों से जूझना पड़ा। उपभोक्ताओं ने पावर कार्पोरेशन के अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। लेकिन शनिवार शाम तक ट्रांसफार्मर नहीं लग सका।
सिलावट गांव में बिजली आपूर्ति के लिए 25 केवीए के ट्रांसफार्मर की स्थापना है। ग्रामीणों के मुताबिक शुक्रवार को अचानक ट्रांसफार्मर जल गया। इससे करीब 300 आबादी की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। ग्रामीणों को लगा कि सामान्य कटौती होगी, लेकिन काफी समय बाद भी जब बिजली नहीं आई तो ग्रामीणों ने इसकी जानकारी शुरू की। बाद में पता चला कि बिजली आपूर्ति ट्रांसफार्मर के जलने के चलते ठप हुई है। इससे उपभोक्ताओं में मायूसी छा गई।
नतीजा यह हुआ कि पूरी रात संबंधित उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति से वंचित रहना पड़ा। इससे जहां पेयजल संकट से उपभोक्ताओं को जूझना पड़ा, वहीं गर्मी के चलते मुश्किलों का सामना भी करना पड़ा। शनिवार सुबह उपभोक्ताओं ने पॉवर कार्पोरेशन के अधिकारियों से शिकायत कर ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग की। लेकिन शाम तक दूसरा ट्रांसफार्मर नहीं लग सका था। जेई प्रवीण निषाद ने बताया कि जल्द ही समस्या का निस्तारण करा दिया जाएगा।