भीटी (अंबेडकरनगर)। हफ्तेभर से बिजली नहीं आने से परेशान ग्रामीण रविवार को भड़क गए। उन्होंने स्थानीय उपकेंद्र पहुंचकर प्रदर्शन और हंगामा किया। कहा कि हफ्ते भर पहले फुंका 100 केवी का ट्रांसफाॅर्मर नहीं बदले जाने से करीब दो हजार की आबादी का उमस भरी गर्मी में जीवन मुश्किल हाे गया है।
क्षेत्र के सेनपुर के लोगों ने रविवार दोपहर उपकेंद्र पहुंचकर करीब एक घंटे तक प्रदर्शन व नारेबाजी की। सेनपुर के राकेश कुमार, राजितराम, शिवराम, धर्मेंद्र, दुर्गेश आदि ने बताया कि गांव में बिजली आपूर्ति के लिए लगे ट्रांसफाॅर्मर के फुंकने की सूचना उपकेंद्र पर दी गई थी। इसके बाद भी हफ्ते भर से ट्रांसफाॅर्मर खराब पड़ा है। इससे सेनपुर के साथ ही बाजार की भी बिजली आपूर्ति ठप है।
आरोप लगाया कि उपकेंद्र के अधिकारियों व कर्मचारियों की लापरवाही के चलते करीब दो हजार आबादी को उसम भरी गर्मी में काफी परेशान हो रही है। कहा कि जल्द ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो वे उच्चाधिकारियों के पास जाएंगे। उपकेंद्र के अभियंताओं ने ग्रामीणों को जल्द आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन देकर शांत कराया।