केदारनगर (अंबेडकरनगर)। इब्राहिमपुर क्षेत्र के नैपुरा गांव में बुधवार देर रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गुरुवार को परिजन युवक का अंतिम संस्कार करने ले जा रहे थे, तभी पहली पत्नी की शिकायत पर पहुंची पुलिस ने अंतिम संस्कार रोक दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक की पहली पत्नी ने दूसरी पर हत्या करने का आरोप लगाया है।
नैपुरा निवासी रामगरीब की पहली पत्नी सिंधु निवासी एनटीपीसी करीब सात वर्ष पहले अनबन के चलते आपसी सहमति से पति से अलग हो गई थी। इसके बाद रामगरीब ने सुरेखा से शादी कर ली। ग्रामीणों के अनुसार रामगरीब और सुरेखा के बीच कई दिन से विवाद चल रहा था। बुधवार देर रात रामगरीब की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे सीएचसी टांडा ले गए, जहां कुछ देर रामगरीब की मौत हो गई।
परिजन बृहस्पतिवार सुबह रामगरीब के शव का अंतिम संस्कार करने जा रहे थे। इसी बीच पहली पत्नी को रामगरीब की मौत की जानकारी मिली तो उसने पुलिस को सूचना दी। हत्या का आरोप लगाते हुए शव का पोस्टमार्टम कराए जाने की मांग की। कुछ ही देर में थाना प्रभारी सुनील कुमार पांडेय मौके पर पहुंच गए और रामगरीब के शव को वाहन से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद रामगरीब की मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।